बैंक से एजुकेशन लोन लेकर बेटे की पढ़ाई के लिए पैसा पहुंचाने जा रहे व्यक्ति से बाइक सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े करीब सवा तीन लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया। घटना परिवहन निगम बलरामपुर डिपो बस अड्डे पर हुई। पीड़ित की तहरीर पर नगर कोतवाली की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
शुक्रवार को गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिंहमुहानी निवासी मोहम्मद सलीम ने बताया कि वह पीएनबी शाखा बलरामपुर से पैसा निकाले थे। बैग में कुल 3.30 लाख रुपये रखकर सलीम ने पहले मस्जिद में जाकर जुमा की नमाज अदा की उसके बाद दिल्ली में पढ़ रहे बेटे के पास जाने के लिए बलरामपुर डिपो बस अड्डे पर पहुंचे।
सलीम का कहना है कि करीब दो बजे जैसे ही वह बस अड्डे पर पहुंचे उसी समय वहां बाइक सवार दो बदमाश पहुंच गए। सलीम जब तक कुछ समझ पाते तब तक बदमाश उनका बैग लूटकर भाग निकले। सलीम ने शोर मचाया लेकिन तब तक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे।
सलीम ने मामले की तहरीर नगर कोतवाली बलरामपुर में दी है। कोतवाल एसके त्रिपाठी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। मो. सलीम ने बताया कि उनका बेटा मोहम्मद असलम दिल्ली में एसएससी सीजीएल की कोचिंग कर रहा है।
बेटे की पढ़ाई के लिए ही सलीम ने बैंक से एजुकेशन लोन लिया है। सलीम पैसा लेकर दिल्ली बेटे की फीस जमा करने तथा उसके रहने-खाने की व्यवस्था करने जा रहे थे। पैसा गायब होने के कारण सलीम काफी परेशान है। उनका कहना है कि अब उनके बेटे की पढ़ाई भी मुश्किल में पड़ जाएगी।
-दिन दहाड़े नगर के पाश इलाके में हुई इस घटना से पुलिस भी सकते में है। घटना के चलते पुलिस की मुश्तैदी व यूपी डायल 100 की सतर्कता पर भी सवाल खड़ा हो गया है। पुलिस मामले की छानबीन के लिए बैंक की सीसी टीवी फुटेज जहां से सलीम ने पैसा निकाला था तथा रोडवेज के पास रास्ते में लगे निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को भरोसा है इस छानबीन में बदमाशों से संबंधित कोई अहम सुराग मिल सकता है।