शहर के बहराइच रोड पर मारुति चौराहे के समीप एक गेस्ट हाउस में मंगलवार को एक शादी समारोह में मामूली विवाद को लेकर नशे में धुत बारातियों ने कैटरर्स को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बाराती देर रात हंगामा करते रहे। मारपीट में कैटरर्स समेत तीन लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक बाराती को पकड़ लिया जबकि बाकी भाग निकले। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया है। इस मामले में कैटरर्स ने कोतवाली नगर में गिरफ्तार बाराती समेत अन्य बारातियों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के राजा मोहल्ला के रहने वाले कैटरर्स सदनलाल ने बताया कि वह कैटर्स चलात हैं। सदनलाल के मुताबिक बहराइच रोड पर मारुति चौराहे के समीप स्थित श्रीहरि मैरेज हाल में करनैलगंज के रहने वाले एक व्यक्ति के बेटी की शादी थी। शादी में लखीमपुर से बारात आई थी।
सदनलाल ने बताया कि शादी में खाने का इंतजाम उन्होंने कर रखा था। सदन के मुताबिक देर रात साढ़े बारह बजे बारात में आए कुछ युवक शराब के नशे में धुत थे और कलौंजी मांगने लगे, जबकि कलौंजी तैयार नहीं थी उन्हें इंतजार करने को कहा गया।
इसी बात पर वह बिगड़ गए और मारपीट शुरू कर दी। सदनलाल ने बताया कि बारात में आए युवकों ने उन्हें उनके बेटे अजीत गौड़ उर्फ रवि व संदीप को दौड़ा दौड़ाकर पीटा जिससे दोनों गंभीररूप से घायल हो गये। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया है।
सदनलाल ने बताया कि बाराती देर रात हंगामा करते रहे। बवाल की सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहले मारपीट करने वाले युवक भाग निकले। पुलिस ने आरोपी सुशील सिंह निवासी धौंधी थाना तालगांव सीतापुर को मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है।
इस मामले में सदनलाल ने कोतवाली नगर में सुशील सिंह व अन्य के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक बाराती को गिरफ्तार किया गया है।