धनेश्वरपुर गांव के मजरे खटिकनपुरवा में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक 90 वर्षीय बुजुर्ग को दो युवकों ने लाठी डंडे से पीट पीटकर मरणासन्न कर दिया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र वजीरगंज में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में बुजुर्ग के बेटे ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ वजीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश कर रही है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के धनेश्वरपुर गांव के मजरे खटिकनपुरवा के रहने वाले ओमप्रकाश के मुताबिक उसकी गांव के ही उदयभान से पुरानी रंजिश है। ओमप्रकाश ने बताया कि शनिवार की सुबह वह अपनी पत्नी के साथ खेत में गेहूं काटने के लिए गया था। घर पर उसके बुजुर्ग पिता रामदीन (90) अकेले थे।
उसके पिता को घर पर अकेला पाकर उदयभान अपने एक अन्य साथी लहुरमन के साथ उसके घर पर आ धमका और उसके बुजुर्ग पिता को लाठी डंडे से पीट पीट कर मरणासन्न कर दिया। पिता की चीख सुनकर जब वह अपनी पत्नी समेत दौउ़कर घर पहंचा तो दोनों हमलावर युवक भाग निकले। पड़ोसियों की मदद से उसने अपने घायल पिता को वजीरगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसके पिता ने दम तोड़ दिया।
सूचना पर तरबगंज के क्षेत्राधिकारी शंकर प्रसाद व प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार अग्रिहोत्री मौके पर पहुंचे और गांव के लोगों से जानकारी ली। इस मामले में ओमप्रकाश ने अपने गांव के ही रहने वाले उदयभान व लहुरमन के खिलाफ वजीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि एक आरोपी उदयभान को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।