अपराधियों को दबोचने को 17 थानों में एक साथ छापेमारी
गोंडा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रविवार को पुलिस की स्पेशल टीम ने जनपद के 17 थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की।
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को दो टूक कहा कि वांछितों व जिला बदर के यहां छापेमारी का अभियान चलता रहेगा।
पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह के निर्देश पर रविवार को थानो की पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई के अलावा पुलिस कार्यालय से भी कर्मचारियों की अलग-अलग आठ टीमें बना कर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भेजी गई।
इन टीमों ने अवैध शराब व अवैध शस्त्र की बरामदगी तथा वारंटी, वांछित अपराधी, जिला बदर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की। छापेमारी अभियान में कोतवाली करनैलगंज में दो वारंटी गिरफ्तार किए गए।
नवाबगंज थाना क्षेत्र क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर में 50 लीटर अवैध शराब के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस टीमों ने संबंधित थाना क्षेत्र में कस्बा व बाजारों में रूट मार्च करते हुए सघन चेकिंग की।
टीम ने क्रिटिकल मतदान केंद्रों का भी भ्रमण किया। इसके अलावा टीमों ने थाना कोतवाली नगर, कोतवाली मनकापुर, कोतवाली कर्नलगंज, थाना खोडारे, परसपुर, कटरा बाजार, नवाबगंज ,कौड़िया में जाकर भी छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए बनाई गई टीमें लगातार अभियान चलाएंगी।