छापे में पकड़ी अवैध असलहा फैक्टरी
गोंडा। पुलिस ने मनकापुर के मऊ गांव में शुक्रवार को छापेमारी करके अवैध असलहा बनाने की फैक्टरी का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर भारी संख्या में असलहा व उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि स्वाट टीम के प्रभारी मनोज सिंह यादव समेत कोतवाल मनकापुर की टीम व सर्विलांस सेल के प्रभारी राजकुमार सिंह को अपराधियों की धरपकड़ का टास्क सौंपा गया था।
एसपी के मुताबिक पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के मऊ गांव में अवैध असलहा बनाने की फैक्टरी चलाई जा रही है। इसी सूचना पर पुलिस टीम ने शुक्रवार को कोतवाली मनकापुर के मऊ गांव में छापा मारा।
छापे के दौरान टीम ने 1 अद्धी 12 बोर, 7 तमंचा 12 बोर, 1 तमंचा 315 बोर, एक अदद अर्द्धनिर्मित तमंचा, 5 जिन्दा कारतूस 12 बोर, ड्रिल मशीन, हथौड़ा, हैमर, प्लास व रेती बरामद हुआ।
एसपी बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर मऊ गांव के रहने वाले निर्मल कोरी, चौबेपुर निवासी रमाशंकर यादव, कोटिया उपाध्यायपुर के रहने वाले कन्हैयालाल यादव को गिरफ्तार किया है।
टीम में अमित कुमार यादव, शैलकान्त उपाध्याय, श्रीनाथ शुक्ला, मुलायम यादव, राजेन्द्र यादव, अदित्यपाल, अजीत चन्द्र सिंह, सतवन्त शर्मा, अनुज वर्मा, अजीत यादव, विकास उपाध्याय, राजू सिंह, हृदयनारायण दीक्षित शामिल रहे।