पटाखा गोदाम में लगी आग, मासूम की मौत
गोंडा। बभनान नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6 में शुक्रवार देर शाम पटाखा गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे गोदाम में फैल गई।
इस हादसे में तीन साल की एक मासूम बच्ची की आग में जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि आग की चपेट में आने से बालिका समेत दो लोग गंभीर रूप झुलस गए। दोनों को निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया है।
बस्ती जनपद के पैकोलिया थाना क्षेत्र के बभनान कस्बे के वार्ड नंबर 6 लक्ष्मीबाई नगर के रहने वाले अजीज ने अपने घर की दूसरी मंजिल पर पटाखे का गोदाम बना रखा था। इसी घर में उसके परिवार के लोग रहते हैं।
शुक्रवार देर शाम पटाखा गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। परिवार के लोग जब तक समझ पाते आग की लपटें गोदाम समेत पूरे घर में फैल गई। अजीज के पड़ोसी नौशाद की दो बेटियां तीन साल की मासूम बेटी सईदा व नौ साल की आरजू दोनों अजीज के घर बच्चों के संग खेलने आई थी।
परिवार के लोग रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे, इसी बीच सईदा घर की दूसरी मंजिल पर चली गई। जहां उसकी आग से जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि आग की चपेट में आने से आरजू व अजीज की 35 वर्षीया पत्नी आसमा खातून गंभीर रुप से झुलस गई।
दोनों को बभनान के एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया। आस-पड़ोस के लोगों ने आग बुझाने में मदद की। तकरीबन एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
तब जाकर सईदा का शव घर की दूसरी मंजिल पर पड़ा मिला। सूचना पर एएसपी बस्ती, एसडीएम हरैया, सीओ हरैया सहित छपिया, गौर व पैकोलिया थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
एसडीएम हरैया शिवप्रताप शुक्ला ने बताया कि आग में जिंदा जलकर एक बच्ची की मौत हुई है। जिस पटाखे के गोदाम में आग लगी है, उसके पास लाइसेंस है या नहीं इसकी जांच की जा रही है।