खनन माफिया का राजस्व टीम पर जानलेवा हमला
गोंडा। सीएम के फरमान और एनजीटी की सख्ती के बाद भी जिले में बालू का अवैध खनन नहीं रुक रहा है। अवैध खनन की जानकारी होने पर खनन पकड़ने गई राजस्व टीम पर खनन माफिया के गुर्गों ने जानलेवा हमला कर दिया। टीम ने किसी तरह भागकर जान बचाई।
सूचना पर एसडीएम फोर्स के साथ पहुंचे लेकिन तब तक खनन माफिया बालू छोड़ कर भाग निकले। इस मामले में लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तरबगंज तहसील क्षेत्र के कई क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बालू के अवैध खनन की शिकायत मिल रही थी। इस पर कार्रवाई के लिए एसडीएम तरबगंज सौरभ भट्ट ने अपने निर्देशन में राजस्व विभाग की कई टीम बना कर सोमवार की रात में क्षेत्र में छापेमारी शुरू कराई।
टीम ने अवैध खनन कर लाई जा रही दो ट्रॉली बालू पकड़ी तो माफिया के गुर्गों ने धमकी दी की बालू की ट्रॉली थाने नहीं ले जा सकते। इस पर जब लेखपाल ने सख्ती की और बालू लदे वाहन का मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो खनन करने वालों ने उसका मोबाइल तोड़ दिया।
जबकि दूसरे लेखपाल को मारने के लिए दौड़ा लिया। लेखपालों ने भाग कर इसकी जानकारी एसडीएम को दी। क्षेत्र में भ्रमण पर रहे एसडीएम सौरभ भट्ट ने पहुंच कर बालू ले जा रहे लोगों से रायल्टी जमा करने के कागजात मांगे जो नहीं दिखा सके। इसके बाद उन्होंने जब बालू लदा वाहन थाने ले जाने पर जोर दिया तो मनबढ़ों ने उन्हें भी धमकाने की कोशिश की।
आखिरकार बालू ले जा रहे गुर्गे बालू लदी ट्राली छोड़कर ट्रैक्टर लेकर भाग निकले। इस मामले में उमरी थाने के एसओ शैलेश सिंह ने बताया कि इस मामले में दुर्गा प्रसाद, बृजेश, शिव कुमार, ललित, दिलीप व एक अन्य अज्ञात के खिलाफ खनन अधिनियम, अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
सोमवार की रात में क्षेत्र में अवैध बालू खनन की सूचना पर टीम बनाकर छापेमारी की गई। एक टीम पर कुछ लोगों ने हमला करने के लिए दौड़ाया और उनकी मोबाइल तोड़ दी। जो लोग बालू लेकर जा रहे थे उनसे कागजात मांगा गया जिसे वह लोग दिखा नहीं सके। इस मामले में कुछ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी गई है।
- सौरभ भट्ट, एसडीएम तरबगंज