दो बालकों के साथ युवकों ने किया कुकर्म
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, एक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज/मनकापुर गोंडा। जिले में दो बालकों के साथ कुकर्म करने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में पुलिस ने कुकर्म की रिपोर्ट दर्ज करके दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक फरार है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला सात वर्षीय बालक अपने भाई के साथ रविवार की रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। तभी पड़ोस का रहने वाला युवक विक्रम वहां पहुंचा और बालक को अपने घर उठा ले गया। विक्रम ने उसके साथ कुकर्म किया। बालक की चीख सुनकर परिवार व आस-पड़ोस के लोग दौड़े तो विक्रम भाग निकला। मामले में बालक के पिता ने थाना नवाबगंज में विक्रम के खिलाफ कुकर्म व पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल अशोक सिंह ने बताया कि आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरी घटना में कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला 11 साल का एक बालक मनकापुर के एक स्कूल में 6 वीं का छात्र है। वह नौ सितम्बर की सुबह स्कूल गया था। वहां से लौटते समय शेखपुरवा गांव के रहने वाले आफताब ने गांव के पास ही उसे अपने एक साथी के साथ दबोच लिया और दोनों ने मिलकर छात्र के साथ कुकर्म किया। इसके बाद दोनों भाग निकले। छात्र ने घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी बात बताई। मामले में छात्र के पिता ने कोतवाली मनकापुर में आफताब समेत दो युवकों के खिलाफ कुकर्म व पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया कि आरोपी आफताब को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसके दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।