नवाबगंज डकैती का खुलासा, तीन गिरफ्तार
गोंडा। पुलिस ने नवाबगंज के हरिवंशपुर गांव में हुई डकैती का खुलासा कर शनिवार को तीन डकैतों को गिरफ्तार किया है, जबकि इनके पांच साथी फरार हो गए। डकैतों के पास से स्कार्पियो व तमंचा बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज को शुक्रवार की देर रात सूचना मिली कि सिंह ढाबा नवाबगंज मनकापुर रोड़ के पास स्कार्पियो गाड़ी से कुछ बदमाश घूम रहे हैं।
इसी सूचना पर पुलिस ने टीम वहां पहुंची और घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग की। मगर तीन बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। उनके पांच साथी फरार हो गए। पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम पेशकार उर्फ मोछू पथरकट निवासी भोजपुर थाना तुलसीपुर जनपद बलरामपुर, संदीप उर्फ भूरे निवासी पांडेपुरवा थाना हरैया जनपद बलरामपुर, नसीम निवासी हरिहरनगर थाना महाराजगंज तराई जनपद बलरामपुरए मौजूदा पता ग्राम कमदा थाना हरैया जनपद बलरामपुर बताया।
पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि वे पथरकट हैं और डकैती का गिरोह चलाते हैं। गिरोह का सरगना पेशकार उर्फ मोछू है। एसपी ने बताया कि गाड़ी से बलरामपुर से निकलकर लूटपाट व डकैती करते हैं, घटना को अंजाम देने के बाद स्कार्पियो गाड़ी से फरार हो जाते हैं।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए डकैतों ने पूछताछ में बताया कि 20 फरवरी की रात नवाबगंज के ग्राम चकभरवा हरिबंशपुर मे रामजतन प्रजापति के घर डकैती की थी। इसके अलावा मनकापुर ग्राम दतौली व कुड़ासन बाजार एवं थाना वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम अनभुला में भी लूटपाट की थी।
बदमाशों ने फैजाबाद, बाराबंकी, बस्ती, सिद्धार्थनगर में कई वारदात कर चुके हैं। एसपी ने बताया कि पकड़े गए डकैतों के पास से 750 रुपए नकदी, स्कार्पियो गाड़ी, तमंचा व चाकू बरामद हुआ है।