अधिवक्ता चैंबर में चोरी का खुुलासा, एक गिरफ्तार
गोंडा। दीवानी न्यायालय परिसर में अधिवक्ता चैंबर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को शहर के अफीम कोठी दुर्गा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
बता दें कि 10 जनवरी की देर रात दीवानी न्यायालय परिसर में स्थित अधिवक्ता चैंबर का ताला तोड़कर चोरों ने ब्लोवर समेत कई सामान गायब कर दिए थे। चोरो ने शौचालय में भी तोड़फोड़ भी की थी।
मामले में कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। चोरी के खुलासे के लिए सर्विलांस सेल, फ्लीड यूनिट समेत पांच टीमें लगाई गई थी। पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि सोमवार को शहर के अफीम कोठी दुर्गा मंदिर के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
जिसने अपना नाम इम्तियाज निवासी भोंका कोतवाली करनैलगंज बताया। उसके पास से अधिवक्ता चैम्बर से चोरी गया ब्लोवर बरामद हुआ है। पकड़े गए इम्तियाज ने पूछताछ में बताया कि नौ जनवरी को वह अपने साथी रियाज उर्फ मन्नू के साथ दीवानी न्यायालय गया था।
वहां दोनों शौचालय पहुंचे तो बिना पैसे के शौचालय का इस्तेमाल करने से उन्हें रोक दिया गया। इसी गुस्से में दोनों 10 जनवरी की रात दीवानी पहुंचे और पहले शौचालय में तोड़फोड़ की।
इसक बाद अधिवक्ता चैम्बर के ताले तोड़कर चोरी की। जिसमे मन्नू टाइप मशीन का डिब्बा उठा ले गया। एसपी ने बताया कि रियाज की गिरफ्तारी के लिए टीम छापेमारी कर रही है।