रंजिश में बुजुर्ग को पीट-पीटकर मार डाला
करनैलगंज (गोंडा)। कुतुबपुर गांव में सोमवार की सुबह रंजिश में हुई मारपीट के दौरान एक पक्ष ने एक बुजुर्ग को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में आरोपी के खिलाफ कोतवाली करनैलगंज में गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के रहने वाले राम शरण व श्रीराम के बीच दो माह पहले मामूली बात को लेकर मारपीट हो गई थी। इसी रंजिश को लेकर सोमवार की सुबह दोनों पक्ष एक बार फिर आपस में भिड़ गए और मारपीट हो गई।
मारपीट की के दौरान श्रीराम ने 55 वर्षीय राम शरण को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे पहले पुलिस ने रामशरण की तहरीर पर श्रीराम के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कोतवाली करनैलगंज के प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पहले से दर्ज मारपीट की धारा को गैर इरादतन हत्या की धारा में तरमीम कर दिया गया है।