रंगदारी न मिलने पर व्यापारी पर झोंका फायर
करनैलगंज (गोंडा)। नगर के चौक घंटाघर पर प्रतिष्ठित व्यापारी से रंगदारी वसूलने के लिए बदमाशों ने पहले उसकी दुकान में असलहों का बैग रखा और फिर फोन करके रंगदारी मांगने लगा।
रंगदारी न देने पर व्यापारी को जान से मार देने की धमकी दी। रंगदारी की रकम न मिलने पर बदमाशों ने देर शाम व्यापारी पर फायर भी झोंक दिया। जिसकी रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज की है। अब पुलिस मामले की छानबीन में लग गई है।
घटना सोमवार की देर रात की है। करनैलगंज के चौक घंटाघर स्थित दशमेष जनरल स्टोर की प्रसिद्ध दुकान है। जहां हर समय भीड़ बनी रहती है। उसकी दुकान पर अज्ञात बदमाशों ने एक बैग में असलहे रखकर दुकान में रखवाया और फिर व्यापारी को फर्जी फंसाने एवं मारने की धमकी दी। व्यापारी ने असलहों का बैग पुलिस को सौंप दिया तथा मामले से अवगत कराया।
यह प्रक्रिया चल ही रही थी कि सोमवार रात करीब आठ बजे मोटर साइकिल से बदमाश आये और दुकान पर बैठे व्यापारी के बेटे सुरेंद्र पर फायर झोंक दिया। उस समय दुकान पर व्यापारी के बेटे अविनाश सिंह, सुरेंद्र सिंह, परमिंदर सिंह बैठे थे। गोली से व्यापारी के तीनों बेटे बाल-बाल बच गये।
उसके बाद बदमाशों ने सुरेंद्र सिंह के मोबाइल पर फोन किया तथा पैसे की मांग करते हुए धमकी दी कि यदि मेरे बताये स्थान पर पैसा नहीं भेजवाया तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार को बर्बाद कर देंगे तथा तुम्हें गोली मार देंगे।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने व्यापारी त्रिलोक सिंह की तहरीर पर एक अज्ञात बदमाश के विरुद्ध रंगदारी वसूलने, जानलेवा हमला करने व धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है।