18 साल की लड़की से शादी रचाने पहुंचे 40 साल के दूल्हे को देख ग्रामीण भड़क गए। लड़की से 22 साल बड़ा दूल्हा होने पर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई। कुछ ही देर में हंगामा शुरू हो गया। बवाल बढ़ता देख धीरे-धीरे बाराती वहां से खिसकने लगे। इसी बीच दूल्हा भी भाग खड़ा हुआ।
बारात बिना दुल्हन के लौट गई। सूचना पर जब तक पुलिस पहुंची तब तक बाराती जा चुके थे। वहीं लड़की के पिता का कहना है कि हमें दूसरा लड़का दिखाया गया था। बारात में दूल्हा दूसरा निकला। मामला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करुआ के मजरा नचनी का है। यहां रहने वाले जालिम प्रसाद गोस्वामी ने अपनी पुत्री राधा की शादी बाराबंकी जनपद के थाना सतरिख के ग्राम करौंदी निवासी सुखमीलाल गोस्वामी के पुत्र राजेश के साथ तय की थी।
रविवार शाम करीब नौ बजे बारात उनके यहां पहुंची। बारातियों का सत्कार होने लगा। इतने में गांव के कुछ लोग व रिश्तेदारों ने दूल्हे को देखा। उसकी उम्र 40 साल से अधिक लगी। लोगों को दोनों की उम्र में काफी अंतर नजर आया। इस पर लोग आपस में चर्चा करने लगे। देखते ही देखते लोग इसका विरोध करने लगे।
एक तरफ लड़की के घर पर मांगलिक कार्यक्रम हो रहा था, वहीं दूसरी तरफ बारात में अफरातफरी मची थी। इस दौरान एक व्यक्ति ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचित कर दिया। थोड़ी देर में वहां पुलिस पहुंच गई। पुलिस को आता देखकर बाराती एक-एक कर वे वहां से भागने लगे।
इसी बीच दूल्हा भी भाग निकला। इस मामले में लड़की के पिता जालिम गोस्वामी का कहना है कि हमें दूसरा लड़का दिखाया गया था और बारात में दूल्हा दूसरा निकला। प्रभारी कोतवाल रामदरश यादव ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उससे पहले ही बाराती भाग खडे़ हुए। दोनों पक्षों ने सुलह कर मामले को रफादफा कर लिया। शादी नहीं हुई।