2.50 लाख घपले में पूर्व विधायक की प्रधान बेटी बर्खास्त
गोंडा। नवाबगंज के ग्राम पंचायत नगवा की प्रधान व सपा के पूर्व विधायक बाबूलाल की बेटी संतोष कुमारी 2.50 लाख के घपले में फंस गई हैं। जांच के लिए बनी कमेटी की रिपोर्ट में उनके खिलाफ शिकायत सही मिली।
जिलाधिकारी कैप्टन प्रभांशु कुमार श्रीवास्तव ने ग्राम प्रधान संतोष कुमारी को बर्खास्त कर वसूली का आदेश दिया है। जिला पंचायत राज अधिकारी धनश्याम सागर ने बताया कि समिति के लिए खंड विकास अधिकारी से प्रस्ताव मांगा गया है।
नगवा ग्राम पंचायत में सोलर लाइट लगाने के नाम पर मानकों की अनदेखी की गई और प्राइवेट फर्म से ऊंचे मूल्य पर खरीद हुई। जांच में पुष्टि हुई कि नेडा से सोलर लाइट खरीद के लिए न तो मानक पूरे किए गए और न ही प्राइवेट फर्म से खरीदे गए सोलर लाइट के गुणवत्ता की जांच की गई।
पूरे गांव के लिए दो फर्मों से 32 सोलर लाइट खरीद कर 2.50 लाख 30 हजार शासकीय बजट की क्षति पहुंचाई गई। इसके साथ ही गांव पंचायत के बैठक की कार्रवाई में फर्जीवाड़ा किए जाने की पुष्टि हुई।
पंचायत की विकास योजनाओं के लिए होने वाली बैठकों के लिए कार्यवाही रजिस्टर ही बदल दिया गया। यही नही रजिस्टर में सदस्यों के हस्ताक्षर भी फर्जी बनाने की पुष्टि हुई।
इसके साथ ही गांव के एक तालाब के कार्य में भी 40 हजार के गोलमाल की बात सामने आई। इन मामलों की शिकायत गांव के ही सर्वजीत सिंह ने किया था। उनकी शिकायत की जांच के लिए कमेटी बनी और रिपोर्ट के आधार पर प्रधान संतोष कुमारी से जवाब भी मांगा गया।
उनकी ओर से दिए गए जवाब संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने गांव में समिति बनाने का आदेश दिया है। पंचायत राज विभाग अब पंचायत के तीन सदस्यों की टीम गठित कर विकास कार्यों का संचालन करेगा।
इनसेट
बीडीओ तय करेंगे पंचायत के संचालन की समिति
प्रधान को हटाए जाने के बाद अब पंचायत में विकास कार्यों का संचालन सदस्यों की समिति करेगी। इसके लिए खंड विकास अधिकारी को समिति का प्रस्ताव भेजना है। जिला पंचायत राज अधिकारी प्रस्ताव तैयार कराकर जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद आदेश जारी करेंगे। इसके बाद गांव के खातों का संचालन शुरु होगा।
वर्जन
नगवा की प्रधान के खिलाफ घपले की शिकायत मिली थी। जांच में मामला सही मिला। जिसके बाद प्रधान को बर्खास्त कर दिया है।
प्रभांशु कुमार श्रीवास्तव, डीएम