सड़क दुर्घटनाओं में बुजुर्ग की मौत, दो घायल
गोंडा। जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली देहात थाना के कोयली जंगल गांव निवासी पप्पू मौर्या (40) अपने पिता कल्लू मौर्या (65) को बुधवार सुबह 11 बजे साइकिल से डुमरियाडीह लेकर जा रहा था। अयोध्या हाइवे पर दर्जी कुआं के पास पीछे से आ रहे डीसीएम ट्रक ने साइड मार दी।
हादसे में कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। पप्पू की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पप्पू की पत्नी रामावती ने बताया कि उसका देवर शेषराज लुधियाना में नौकरी करता है।
उसने अपने पिता कल्लू के इलाहाबाद बैंक के खाते में पैसा भेजा था। वही रकम खाते से निकालने के लिए पप्पू अपने पिता को लेकर बैंक जा रहे थे। तभी हादसा हो गया।
दूसरी दुर्घटना नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई। साहबगंज घोसियाना निवासी मो. करीमउल्ला (62) मंगलवार देर रात बाइक से स्टेशन से घर लौट रहे थे। बड़गांव में इलाहाबाद बैंक के पास एक अन्य बाइक से टक्कर होने से करीमउल्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।