तमंचे के बल पर बदमाशों ने लूटी बाइक
गोंडा। धानेपुर थाना क्षेत्र के खौदी गांव के समीप रविवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक युवक से उसकी बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
धानेपुर थाना क्षेत्र के खौदी गांव के रहने वाले बंशीलाल मौर्या के मुताबिक वह रविवार को बग्गीरोड बाजार गया था। सरयू नहर पर बनी सड़क से वह देर रात बाजार से अपने घर लौट रहा था।
बंशीलाल ने बताया कि वह बाजार से कुछ ही दूरी पर बीच रास्ते में तीन युवकों ने बाइक खड़ी कर मार्ग अवरुद्ध कर रखा था। रास्ता न होने के कारण उसे अपनी बाइक रोकनी पड़ी। बाइक रुकते ही घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उसे दबोच लिया।
जब तक वह कुछ समझ पाता एक युवक ने उसके सिर से तमंचा सटा दिया जबकि दो अन्य युवकों ने उसे पीटना शरू कर दिया। तीनों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी बजाज प्लेटिना बाइक मोबाइल लूट लिया और बग्गीरोड कस्बे की तरफ भाग निकले।
बंशीलाल ने दूसरे के मोबाइल के जरिए घटना की सूचना अपने रविार वालों व पुलिस को दी। मगर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची लुटेरे पुलिस पकड़ से काफी दूर जा चुके थे। बंशीलाल ने तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ धानेपुर थाने में तहरीर दी है। एसओ धानेपुर मनीष कुमार पाण्डेय ने बताया घटना की जानकारी मिली है। छानबीन की जा रही है।