जमीन के रंजिश में किसान को मारी गोली
कटरा बाजार। सेल्हरी गांव के कलेक्टर पुरवा में सोमवार देर रात सोते समय एक किसान को पुरानी रंजिश में दो सगे भाइयों ने तमंचे से गोली मार दी। जिससे वह घायल हो गया। उसे सीएचसी कटरा बाजार लाया गया।
जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में थाना कटरा बाजार में दो सगे भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र के सेल्हरी गांव के कलेक्टर पुरवा के रहने वाले वंशराज उर्फ टेढ़ू पाल (40) ने बताया कि उसकी इसी गांव के रहने वाले पवन कुमार शुक्ल से जमीन की रंजिश चल रही है। वंशराज के मुताबिक सोमवार देर रात वह अपने घर के बाहर मड़हे में सो रहा था।
वंशराज का आरोप है कि पवन शुक्ल अपने भाई जयचंद शुक्ल व दो अन्य लोगों के साथ उसके मड़हे में घुस आए और उसके अभद्रता करने लगे, जब उसने विरोध किया तो तमंचे से गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे सीएचसी कटरा बाजार लाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामले में वंशराज ने थाना कटरा बाजार में पवन शुक्ल, जयचंद शुक्ल व दो अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना कटरा बाजार के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।