किशोरी से दुष्कर्म, केस दर्ज
मोतीगंज गोंडा। मोतीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्मेदारी में आए एक युवक ने सोमवार की शाम को शौच के लिए निकली एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में युवक के खिलाफ मोतीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मनकापुर थाना क्षेत्र के मूसेगंज गांव का रहने वाला गोल्डी सोमवार को मोतीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी रिश्तेदारी में आया था। सोमवार की शाम को गांव की ही रहने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी अपने घर से शौच के लिए निकली थी।
आरोप है कि गोल्डी ने उसे अकेला देखकर गन्ने के खेत में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह फरार हो गया। गोल्डी के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित किशोरी अपने घर पहुंची और परिवार वालों को पूरी घटना की जानकारी दी।
मंगलवार की सुबह पीड़िता के परिजन मोतीगंज थाने पहुंचे और आरोपी गोल्डी के खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई। थानाध्यक्ष पीएन तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीडित किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।