मुजेहना (गोंडा)। बछईपुर गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में 11 लोगों के छप्पर के घर जलकर राख हो गए। आग से गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 100 के पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाई। आग से दस लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ ह्रै।
थाना धानेपुर क्षेत्र के बछईपुर गांव के ग्राम प्रधान विनोद सिंह ने बताया कि शुक्रवार की देर रात वोटई के छप्पर के घर में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते तेज हवा के साथ लपटें मो. अली, मुबारक अली, शौकत अली, रूपलाल, अनवर अली, जाबिर अली, चंद्रभान, सोहबत अली, शाकिर अली, करामत अली के छप्पर के घर को पकड़ लीं। जिससे सभी के घर जलकर राख हो गए।
आग में गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की सूचना पर पहुंचे डायल 100 के पुलिस कर्मियों ने गांव वालों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि आग से दस लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हल्का लेखपाल अमरजीत सिंह ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है, रिपोर्ट तैयार कर तहसील को भेजी जाएगी।