ड्यूटी के दौरान गश खाकर गिरे मतदान अधिकारी, मौत
गोंडा। शहर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज से लोकसभा चुनाव का मतदान कराने के लिए रविवार को ड्यूटी के दौरान मतदान केन्द्र के लिए रवाना होते समय एक मतदान अधिकारी को अचानक तेज बुखार आ गया। जिससे वह गश खाकर गिर पड़ा। मतदान अधिकारी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान मतदान अधिकारी की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
थाना मोतीगंज क्षेत्र के रामनगर बनकट गांव के मजरे शुक्ल पुरवा के रहने वाले आलोक शुक्ल ने बताया कि उनके 46 वर्षीय बड़े भाई बृजेंद्र शुक्ल डायट दर्जीकुआं में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत थे। आलोक के मुताबिक बृजेंद्र की लोकसभा चुनाव में 06 मई को होने वाले मतदान में करनैलगंज के पार्टी नंबर 1678 में प्रथम मतदान अधिकारी में ड्यूटी लगी थी। वह रविवार को शहर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में ड्यूटी कार्ड लेेेने के बाद ड्यूटी के लिए रवाना होने वाले थे। इसी बीच उनके अचानक तेज बुखार आ गया। जिससे वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आलोक शुक्ल समेत परिवार के लोगों का आरोप है कि बृजेंद्र की हालत बिगड़ने पर वह सभी इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ. टीपी जायसवाल को बुलाने गए थे। मगर डॉ. बृजेन्द्र को देखने नहीं आए। जिससे उसकी मौत हो गई। उधर डॉ. टीपी जायसवाल का कहना है कि बृजेंद्र के परिवार के लोगों ने दूसरे डाक्टर को दिखाया था। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोप निराधार है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने मतदान अधिकारी की मौत पर शोक जताया है। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदान अधिकारी के परिवारीजनों को 15 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य विभागीय देय भी दिये जाएंगे।