डीसीएम से कुचलकर बालक की मौत, बवाल
गोंडा। तुर्काडीहा बाजार में शुक्रवार सुबह भैंसों से लदी तेज रफ्तार डीसीएम ने साइकिल सवार बालक को कुचल दिया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना के बाद भी पुलिस एक घंटे देर से मौके पर पहुंची।
इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण मौके पर जिलाधिकारी को बुलाने की मांग करने लगे।
बालक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने डीसीएम में तोड़फोड़ भी की। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के नियामतपुर गांव निवासी प्रदीप कुमार मौर्य का 12 वर्षीय बेटा नंदकिशोर तुर्काडीहा बाजार में किराए के मकान में रहता था। वह शुक्रवार सुबह साढ़े छह बजे पूजा के लिए फूल खरीदने के लिए साइकिल से निकला था।
तभी बाजार मोड़ के पास झिलाही रोड की ओर से आ रही भैंसों से लदी तेज रफ्तार डीसीएम ने नंदकिशोर को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि चालक डीसीएम लेकर वजीरगंज की ओर भागा व खोखिया मोड़ पर वाहन छोड़कर साथियों संग भाग निकला। पीछा कर रहे ग्रामीण डीसीएम को वापस बाजार लेकर आए व उसमें तोड़फोड़ की। हादसे के बाद दो घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों से झड़प भी हुई। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी और डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।
मौके पर पहुंचे एसडीएम तरबगंज सौरभ भट्ट व सीओ महावीर सिंह ने बवाल बढ़ता देखकर मनकापुर, मोतीगंज व नवाबगंज की पुलिस फोर्स भी बुला ली। एसडीएम व सीओ ने ग्रामीणों को किसी तरह समझाकर जाम खुलवाया।
इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रदीप कुमार मौर्य ने थाना वजीरगंज में डीसीएम चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया कि, आठ बजे हादसे की सूचना मिली थी, आठ बजकर दस मिनट पर वह मौके पर पहुंच गए थे।