मुठभेड़ में तीन बदमाश और तीन पुलिस कर्मी घायल
गोंडा। फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर की तलाश में मंगलवार की देर रात पुलिस ने भिदौरा गांव के एक घर में छापा मारा। पुलिस को देख घर में मौजूद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दिया।
पुलिस ने बदमाशों की फायरिंग से बचते हुए तीन बदमाशों को दबोच लिया, जबकि पुलिस को चकमा देकर हिस्ट्रीशीटर फरार हो गया। मुठभेड़ में तीनों बदमाश और चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सीओ तरबगंज केसी सिंह ने बताया कि मंगलवार रात थाना तरबगंज पुलिस को सूचना मिली कि भिदौरा गांव के एक घर में हिस्ट्रीशीटर माधव पासी अपने साथियों के साथ मौजूद है।
इसी सूचना पर थानाध्यक्ष तरबगंज संजय दुबे, चौकी प्रभारी रगड़गंज मुकेश पांडेय समेत पूरी टीम के साथ वहां छापा मारा। छापे के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस को भी बल प्रयोग करना पड़ा।
फायरिंग के दौरान तीन बदमाशों महमूराम पासी निवासी भिदौरा, रामभवन पासी निवासी सोनौली मोहम्मदपुर जसकरनपुरवा थाना उमरी बेगमगंज व सूर्य नरायन पासी निवासी भिदौरा को पकड़ लिया गया, जबकि हिस्ट्रीशीटर माधव पासी पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गया।
मुठभेड़ में तीनों बदमाशों समेत चौकी प्रभारी रगड़गंज मुकेश पांडेय, कांस्टेबल अजितेश तथा कांस्टेबल रामकुमार घायल हो गए। पकड़े गए बदमाशों के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे मिले हैं।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ थाना तरबगंज में जानलेवा हमले, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने व आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सीओ ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ को अभियान चालू रहेगा। इसके लिए सर्किल के चारों थानों से कई टीमें लगाई गई हैं।