खरगूपुर (गोंडा)। नवविवाहिता की दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मृतक के पिता ने पति, सास तथा ससुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नौशहरा के मजरा वृत्तीय की है।
यहां के रहने वाले कुंज बिहारी कुरील की शादी बहराइच जिले के थाना विशेश्वरगंज अंतर्गत डोलकुवां सुकुल पुरवा में 6 माह पूर्व 21 जुलाई को लल्लन कुरील की बेटी चंद्रावती के साथ हुई थी। गुरुवार को सुबह ससुराल में उसकी मौत होने की सूचना मायके वालों को मिली।
नवविवाहिता का शव मकान के छत में लगे कुंडी से लटकता हुआ पाया गया। मृतक चंद्रावती के पिता लल्लन प्रसाद ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराली जनों द्वारा सोने की चेन की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न कर मारापीटा जाता था।
आरोप है कि बेटी की हत्या कर उसके शव को टांग दिया गया। इस संबंध में मृतक के पिता द्वारा पति कुंज बिहारी, ससुर इसरे एवं सास के विरुद्ध हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई। प्रभारी निरीक्षक सतानंद पांडे ने बताया कि सास, ससुर व पति के विरुद्ध दहेज हत्या के तहत प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। (संवाद)