गोंडा। शहर के महिला अस्पताल के पास गुरुवार की शाम बाइक से चौक बाजार जा रहे एक सैनिक की बाइक बगल से निकल रहे एक बाइक सवार तीन युवकों की बाइक से टकरा गई। इसी को लेकर युवकों ने सैनिक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। उसे गंभीर चोटें आई हैं। सैनिक ने कोतवाली नगर में आरोपी तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने युवकों की पहचान कर ली है। उनकी तलाश की जा रही है।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के पूरे महोलिया बालपुर के रहने वाले अशोक कुमार पुत्र भगवान प्रसाद ने बताया कि वह भारतीय सेना में सैनिक है। उसकी जम्मू कश्मीर के पुंछ में तैनाती है। अशोक के मुताबिक, वह अवकाश लेकर घर आया था। गुरुवार की शाम बाइक से चौक बाजार रहा था। महिला अस्पताल के समीप बाइक बगल से गुजरने से बाइक सवार तीन युवकों से टकरा गई। तीनों युवकों ने रोक लिया और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। अशोक कुमार ने कोतवाली नगर में तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। चौकी प्रभारी इनकैन संजीव ने बताया कि तहरीर मिली है, तीनों युवकों की पहचान कर ली गई है। तीनों की तलाश की जा रही है। संवाद