परसपुर (गोंडा)। भौरीगंज-शाहपुर मार्ग पर बाबा स्थान के समीप शनिवार की दोपहर गन्ना लदे ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार एक युवक मरणासन्न हो गया। उसकी सीएचसी ल जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
थाना परसपुर क्षेत्र के ग्राम मंगरैचनपुरवा, बरदहा, रामपुर बरतरा निवासी गणेशदत्त तिवारी का बेटा घनश्याम तिवारी (21) शनिवार की दोपहर बाइक से भौरीगंज से शाहपुर की तरफ लौट रहा था। वह बाबा स्थान के समीप पहुंचा था तभी शाहपुर की तरफ से आ रहे गन्ना लदे ट्रक की टक्कर लगने से वह मरणासन्न हो गया। उसे सीएचसी परसपुर लाया गया।
जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक रामअवतार सिंह यादव ने बताया कि गणेशदत्त तिवारी की तहरीर पर ट्रक चालक प्रवीण निवासी गजौरी, जनपद उन्नाव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।