गोंडा। जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 10 मार्च को होगी। हर विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के लिए 14 काउंटर तैयार किए जाएंगे। हर काउंटर पर मतगणना के लिए 74 कार्मिकों को लगाया जाएगा। 10 मार्च को सुबह सात बजे से शुरू होने वाली मतगणना के कार्य में 1036 कार्मिक जुटाएं जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम ने मतगणना कार्य से जुड़ी सभी तैयारियों को 8 मार्च तक पूरा कराने का निर्देश दिया है। पूरे मतगणना स्थल की सुरक्षा निगरानी को अर्द्ध सैनिक बलों के साथ पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। साथ ही मतगणना से जुड़ी पल पल की अपडेट सूचना देने के लिए भी परिसर में हाईटेक इंतजाम होंगे।
मतदान के बाद सभी ईवीएम व वीवीपैट को शहर के नवीन गल्लामंडी में विधान सभावार बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। इनकी सुरक्षा निगरानी को पैरामिलेट्री फोर्स की तैनाती के साथ ही सीसीटीवी कैमरों व विडियोग्राफी से भी नजर रखी जा रही है। 10 मार्च को होने वाली मतगणना के लिए मूल रूप से प्रत्येक विधानसभा के लिए 14 टेबल बनेगी। प्रत्येक टेबल पर चार-चार कर्मचारी तैनात होंगे। इसके साथ ही हर विधान सभा में दो आरओ टेबल भी होगी। बाहर तैनात कार्मिकों के पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए अलग कर्मचारियों की व्यवस्था होगी। इन्हें मिलाकर कर 1036 कर्मचारी मतगणना कार्य को पूरा कराने के लिए तैनात होंगे। गणना के दौरान हर प्रत्याशी की तरफ से टेबलवार एजेंट भी मौजूद रहेंगे।