गोंडा। 13 साल के लंबे इंतजार के बाद जिले में गणित व विज्ञान के 35 शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया सोमवार को शुरू हुई। इसके तहत वर्ष 2013 की जूनियर हाई स्कूल शिक्षक भर्ती परीक्षा में छूटे अभ्यर्थियों को कोर्ट के आदेश के बाद काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है। काउंसिलिंग बाद जल्द ही शिक्षकों को नई तैनाती मिलेगी। इससे अभ्यर्थियों के चेहरे नौकरी पाने की खुशी से खिले दिखे।
बीएसए कार्यालय सभागार में आयोजित काउंसिलिंग के दौरान शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया गया। बीएसए अमित कुमार सिंह की मौजूदगी में खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय राम खेलावन वर्मा, झंझरी के बीईओ उपेंद्र तिवारी और परसपुर के बीईओ सीपी पांडेय की तीन सदस्यीय टीम ने अभ्यर्थियों के शैक्षिक दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति प्रमाणपत्र और निवास प्रमाणपत्र की जांच की। बीएसए ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवचयनित शिक्षकों को जल्द ही विद्यालय आवंटित किया जाएगा। प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभिषेक कुमार चौधरी, आद्या प्रसाद शुक्ल, अजीत कुमार सिंह, अमित कुमार, अतुल सिंह और ज्ञाननाथ पांडेय सहित अन्य अभ्यर्थियों ने लंबे इंतजार के बाद नौकरी मिलने पर खुशी जताई है।