करनैलगंज। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक का सभासदों ने बहिष्कार किया है। मंडलायुक्त व जिलाधिकारी को संबोधित सात सूत्री ज्ञापन एसडीएम नेहा मिश्रा को सौंपा। एसडीएम ने जांच की बात कही है।
सभासद सचिन कुमार, सरोज देवी, सुमन, लक्ष्मी, अंसारिया खातून, गीता देवी, महताब बानो, अजय कुमार, जमील रायनी, मुख्तार अंसारी, रुकैया, हिना बेगम, रुकसाना, चिश्ती रजा, माधवराज और सिराज अहमद ने आरोप लगाया कि बैठक की सूचना महज एक दिन पूर्व दी गई। सभासदों ने कहा कि सनातन परंपरा में करवा चौथ के दिन बोर्ड बैठक का आयोजन किया जाना परंपराओं के विपरीत है। कई महिला सभासद पर्व के कारण बैठक में उपस्थित नहीं हो सकती थीं। उन्होंने कहा कि न तो उन्हें समय से बैठक की जानकारी दी जाती है और न ही विकास कार्यों की रूपरेखा साझा की जाती है। सभासदों ने कई अन्य आरोप भी लगाए। एसडीएम नेहा मिश्रा का कहना है कि प्रकरण गंभीर है। ज्ञापन को अधिकारियों तक भेजा जा रहा है, मामले की जांच वह स्वयं करेंगी। (संवाद)