गोंडा। जिले के वन टांगिया ग्राम महेशपुर व बुटहनी में प्राथमिक स्कूल की स्थापना को लेकर जिला प्रशासन की पहल के बाद जल्द ही स्कूल का निर्माण शुरू हो जाएगा। इसके लिए बजट जारी करने के साथ ही कार्यदायी संस्था भी तय कर दिया गया है। स्कूल का निर्माण जल्द ही शुरू होने की बात कही जा रही है।यह पहल वनटांगिया समुदाय के बच्चों के लिए शिक्षा के नए द्वार खोलेगी।
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने जून 2023 में पदभार ग्रहण करने के बाद वनटांगिया समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने की मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के दृष्टिगत यहां वनटांगिया ग्रामों का निरीक्षण किया और वहां की स्थिति को नजदीक से देखा। उन्होंने स्थानीय निवासियों की समस्याओं को सुना और शिक्षा की जरूरत को प्राथमिकता दी। उनकी सक्रिय पहल के कारण यह प्रस्ताव शासन तक पहुंचा और इसे मंजूरी मिल गई। प्रशासन की इस सकारात्मक पहल पर सरकार ने प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय के लिए 29.45 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है, जिससे इन विद्यालयों का निर्माण होगा।
कार्यदायी संस्था नामित
छपिया के ग्राम पंचायत महुलीखोरी के वन ग्राम बुटहनी और नवाबगंज के ग्राम हरदवा के वन ग्राम महेशपुर में इन प्राथमिक विद्यालयों की स्थापना की जाएगी। इनके निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड को सौंपी गई है। इससे वन टाांगिया गांवों में खुशी की लहर है। इससे न केवल बच्चों को शिक्षा मिलेगी, बल्कि पूरे समाज को मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।