नवाबगंज में रिंग रोड का निर्माण बंद होने से खड़ीं की गईं मशीनें। - संवाद
करनैलगंज/विश्नोहरपुर (गोंडा)। सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से नवाबगंज क्षेत्र में निर्माणाधीन रिंग रोड का काम बंद हो गया है। मिट्टी पटाई व पुल निर्माण के लिए लगाई गई मशीनें जलभराव के कारण बंद कर दी गई हैं। मंगलवार को सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से 28 सेंटीमीटर ऊपर रहा। माझा क्षेत्र में बाढ़ का पानी फैल रहा है। कटान भी तेज हो गया है। गन्ना, मक्का व धान की फसलें जलमग्न हो रही हैं।
नदी में पानी बढ़ने से करनैलगंज के बाढ़ प्रभावित 42 गांवों के लोगों की बेचैनी फिर बढ़ने लगी है। कटान तेज होने से किसानों की लहलहाती फसलें नदी में समा रही हैं। ऐसे में किसान कच्ची फसल काटकर अपने पशुओं को खिला रहे हैं। ग्राम पारा, बेहटा, माझा रायपुर, कमियार, घरकुइंया, नैपुरा, परसावल में तेजी से कटान हो रहा है। पारा और बेहटा ग्राम पंचायत में 400 बीघे से अधिक फसल लगे खेत कटकर नदी में समा चुके हैं। ग्राम प्रधान दुर्गेश कुमार निषाद ने बताया कि कटान तेज हो गया है। अभी तक खेत कट रहे थे, अब नदी गांव की तरफ बढ़ रही है। दूसरी तरफ ग्राम नकहरा, पारा, बेहटा में जलभराव से लोगों को कुछ राहत मिली थी, लेकिन नदी का जलस्तर बढ़ने से एक बार फिर गांवों में पानी भरने लगा है।
ग्राम बहुवन मदार माझा के सामने बांध के अंदर खेतों में लगी फसल पूरी तरह जलमग्न होने के साथ-साथ नदी की धारा में समा रही है। एसडीएम यशवंत राव का कहना है कि बाढ़ का पानी प्रभावित गांवों से निकल चुका है। एक बार फिर नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। निगरानी कराई जा रही है।