करनैलगंज(गोंडा)। लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी ग्रामीणों को सामुदायिक शौचालय का लाभ न मिलने की खबर प्रकाशित होने के बाद अधूरे शौचालय का निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है।
विकास खंड करनैलगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत हीरापुर शाहपुर में दिसंबर 2020 में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ था। 2020 में प्रारंभ हुआ निर्माण कार्य अगस्त 2021 में बंद कर दिया गया। जबकि अंदर मिट्टी पटाई, दीवार का प्लास्टर, फर्श, शौचालय सीट, पल्ला दरवाजा व रंगाई पोताई सहित अन्य कार्य बाकी था। तब से अब तक पुनः निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, जिससे लाखों रुपये व्यय होने के बाद भी ग्रामीणों को उसका लाभ नहीं मिल सका।
शौचालय के भवन की बाहरी दीवार बनाकर छत डलवा दी गई। तीन दिसंबर को एक पहल से 15 सामुदायिक शौचालयों की बदली तस्वीर हेडलाइन से खबर प्रकाशित होने के बाद फिर से काम शुरू करा दिया गया है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि अधूरे पड़े सामुदायिक शौचालय के निर्माण को पूरा कराने का कार्य चल रहा है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कराकर उसका संचालन शुरू कराया जाएगा।