कांग्रेस भवन में अमर शहीद अशफाक उल्ला को शनिवार को श्रद्धांजलि देने के बाद कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए एकता तिराहे पर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।
जिलाध्यक्ष बीएल चौबे के आह्वान पर कांग्रेस के पदाधिकारियों का जमावड़ा कांग्रेस भवन में हुआ। यहां अमर शहीद अशफाक उल्ला की याद में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
देवीपाटन मंडल प्रभारी राम जियावन ने कहा कि अशफाक उल्ला हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक थे। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही देश व समाज का भला हो सकता है।
आल इंडिया कांग्रेस कमेटी द्वारा नामित पर्यवेक्षक जगदीश चंद्रा ने कहा कि देश की आजादी के लिए अशफाक उल्ला ने जो चिनगारी पैदा की थी, बाद में वही ज्वाला बन गई।
इसके बाद शहर अध्यक्ष अब्दुल रहमान की अगुवाई में कांग्रेसियों ने जुलूस निकाला, जो एकता तिराहे पर पहुंचा।
यहां केंद्र सरकार के नीतियों की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया। इस दौरान शिवकुमार दूबे, ओबैदुर्रहमान, पवन आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।