गोंडा। जिला महिला अस्पताल में लापरवाही से गलत जांच रिपोर्ट देने व गर्भवती का ऑपरेशन न करने की शिकायत सोमवार को मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील व जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन से की गई।
इटियाथोक के दुल्हापुर गजाधर निवासी गर्भवती पूर्ति तिवारी को शनिवार को जिला महिला अस्पताल में गलत जांच रिपोर्ट दे दी गई थी। जिससे उनका ऑपरेशन नहीं हो सका। परिजन रोहित तिवारी ने मंडलायुक्त व डीएम के साथ ही सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा व महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. देवेंद्र सिंह को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली नगर में तहरीर भी दी है। सपा नेता सूरज सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सरकारी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रष्ट डॉक्टरों की शिकायत के लिए जिले के आला अधिकारियों से वार्ता की गई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर प्रकरण से अवगत कराया जाएगा।