आयुक्त ने मतदान के दौरान मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर पीठासीन अधिकारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारियों को जरूरी हिदायतें दीं।
मतदान का जायजा लेने के दौरान कई मतदान केन्द्रों पर आयुक्त को प्रकाश व्यवस्था नहीं मिली जिससे नाराज आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल प्रकाश व्यवस्था कराने के आदेश दिए।
आयुक्त ने जनपद बहराइच के परसौरा चित्तौरा मतदान केंद्र तथा कल्पीपारा मतदान केंद्र पर कोटेदार द्वारा मतदाताओं के लिए खाना बनवाते पकड़ा। इस पर डीआईजी ने वहां पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को तत्काल संबंधित कोटेदार को हिरासत में लेकर थाने भिजवाने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने प्राथमिक पाठशाला उधारना सरहदी, प्राथमिक पाठशाला चैसार पण्डित पुरवा, प्राथमिक पाठशाला सुहेलवा, प्राथमिक पाठशाला परसौरा चित्तौरा, प्राथमिक पाठशाला कल्पीपारा सहित दर्जनों मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान का जायजा लिया।
सुहेलवा सहित कई मतदान केंद्रों पर आयुक्त ने नाबालिग मतदाताओं को वोट डालते हुए पकड़कर थाने भेजवाया तथा वहां पर मौजूद पुलिस व मतदान कर्मियों को फटकार लगाते हुए निष्पक्षता से मतदान कराने की चेतावनी दी। भ्रमण के दौरान चुनाव प्रेक्षक, जिलाधिकारी बहराइच, एसपी बहराइच, डीएम श्रावस्ती व एसपी श्रावस्ती ने लगातार भ्रमणशील रहकर मतदान का जायजा लिया।