जीआईसी के पास नगर पालिका की ओर से बनाए गए कोल्ड सेंटर में आराम करते लोग। - संवाद
गोंडा। भीषण गर्मी को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में भी कोल्ड रूम तैयार किया गया है। यहां विशेष रूप से लू और भीषण डिहाइड्रेशन के मरीजों का इलाज किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी का कहना है कि इमरजेंसी के साथ ही विभिन्न वार्डों में ओआरएस के पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं। लोगों की मांग के अनुसार इसे वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेडिकल कॉलेज की कोविड बिल्डिंग में कोल्ड रूम बनाया गया है। यहां पर एक मरीज को भर्ती किया गया है। कूलर, बाथ-टब, आइस पैक और ओआरएस की व्यवस्था है। अत्यधिक तापमान (हीट स्ट्रोक) से पीड़ित मरीजों को तुरंत यहां लाया जाता है। ताकि उनके शरीर का तापमान कम किया जा सके। मरीजों को पानी की कमी से बचाने के लिए ओआरएस और अन्य आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध हैं।
बस स्टेशन जाने वाले मार्ग पर जीआईसी के गेट के पास नगर पालिका की ओर से कोल्ड रूम तैयार कराया गया है। यहां टेंट लगाकर किनारे से मोटा पर्दा लगाया गया है, ताकि गर्मी का प्रकोप कम हो सके। अंदर बड़ा कूलर चल रहा है। यहां ठंडे पानी और गिलास की भी व्यवस्था है। अलग-अलग स्थानों से आए यात्री व दुकानदार कोल्ड सेंटर में बैठकर आराम करते दिखे। दर्जीकुआं के अरविंद सिंह बेटे आदर्श के साथ मौजूद मिले। कहा कि ये व्यवस्था बहुत अच्छा है।