इटियाथोक (गोंडा)। खरगूपुर थाना क्षेत्र के महराजगंज बाजार में बंदरों के दौड़ाने से निजी क्लीनिक संचालक सीढि़यों से गिरकर घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
महराजगंज बाजार निवासी अशोक कुमार मौर्य (50) क्लीनिक चलाते थे। बृहस्पतिवार शाम परिजन एक कार्यक्रम में गए थे। अशोक घर में अकेले थे। उनके बेटे मनोज ने बताया कि शाम छह बजे पिता छत पर बंदर भगाने गए थे। तभी बंदरों ने दौड़ा लिया। इससे वह सीढ़ी से गिरकर घायल होने के बाद बेहोश हो गए। कई घंटे बाद परिजन घर लौटे तो उन्हें जख्मी हालत में पड़े देखकर मेडिकल कॉलेज ले गए। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान शनिवार रात अशोक ने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी का करीब दो वर्ष पहले निधन हो चुका है। जानकीनगर ग्राम प्रधान ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। बंदरों की धरपकड़ के लिए अधिकारियों से अनुरोध किया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि महराजगंज बाजार समेत आसपास के इलाके में बंदरों का आतंक है। बंदरों के झुंड उत्पात मचा रहे हैं। कई बार शिकायत दर्रा कराई जा चुकी हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।