उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ की बैठक में सफाई कर्मियों ने नगर पालिका प्रशासन के रवैये पर आक्रोश जताते हुए आंदोलन की रणनीति तय की। बैठक के बाद संघ के पदाधिकारियों ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की।
चार दिन के अंदर समस्याओं का निस्तारण न होने पर सफाई कर्मियों ने सफाई कार्य बंद करने तथा नगर पालिका भवन के सामने धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है। बैठक को संबोधित करते हुए सफाई मजदूर संघ बलरामपुर के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद चौहान ने कहा कि नगर पालिका कार्यालय में सफाई संबंधित अधिकारी व बाबू सफाई कर्मियों के साथ आए दिन दुर्व्यवहार करते हैं।
सफाई कर्मियों के हितों की अनदेखी की जाती है। नगर पालिका प्रशासन का रवैया सफाई कर्मियों के प्रति ठीक नहीं है। महामंत्री किशोरी लाल ने कहा कि सफाई कर्मियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई कर्मियों को उनका हक दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
बैठक के बाद संघ के पदाधिकारियों ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका राकेश जायसवाल को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों को सामूहिक दुर्घटना हित लाभ का भुगतान किए जाने, शासनादेश के अनुसार पेंशनरों की पेंशन पेंशन निधि खाते में जमा किए जाने, पात्र सफाई कर्मचारियों को जुलाई माह से चयन वेतनमान दिए जाने, सफाई कर्मियों की सेवा पुस्तिका दुरुस्त किए जाने, सफाई कर्मियों को गर्मी की बकाया वर्दी दिलाए जाने तथा सफाई कर्मियों के परिजन की नियुक्ति किए जाने की मांग की गई है।
सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी है कि उपरोक्त मांगें यदि चार दिन के अंदर पूरी न की गईं तो हम लोग सफाई का काम बंद कर नगर पालिका भवन के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर बड़कऊराम, दिनेश कुमार, अरुण कुमार मिश्रा, प्रमोद कुमार पाठक, राजन बाल्मिकी सहित तमाम सफाई कर्मी मौजूद रहे।