धानेपुर कस्बे में स्थित बीएचडी इंटर कॉलेज परिसर में बनी पानी की टंकी पर आईएसआईएस व इस्लामिक स्टेट लिखकर फोटोग्राफी किये जाने का मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद सोमवार को धानेपुर पुलिस दिनभर हलकान रही। घटना को हल्के में लेकर लापरवाही बरतने वाले थाने के पुलिसकर्मी रविवार की रात से लेकर सोमवार को पूरे दिन टंकी की सफाई में जुटे रहे।
धानेपुर बाजार स्थित बीएचडी इंटर कॉलेज के परिसर में बनी पानी की टंकी पर बीते दिन कस्बे की ही तीन किशोरों ने आईएसआईएस व इस्लामिक स्टेट का नारा लिख दिया था।
इसके बाद इन्होंने वहीं पर मोबाइल फोन से अपनी सेल्फी भी खींची। कॉलेज में बनाये गये स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा में लगे सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने तीनों को पकड़कर उनकी पिटाई की।
इसके बाद तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन धानेपुर पुलिस ने घटना को हल्के में लेकर एक स्थानीय नेता की पैरवी पर तीनों को छोड़ दिया।
रविवार को मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद से ही धानेपुर पुलिस अपनी लापरवाही को छिपाने के प्रयास में जुट गयी। रातोंरात टंकी की पुतायी कराकर नारों को साफ करा दिया गया। सोमवार को भी पुलिसकर्मी पूरे दिन टंकी की निगरानी करते रहे।
घटना में शामिल किशोरों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग करने वाले माकपा के जिला सचिव राजीव कुमार सिंह ने सोमवार को बताया इस मामले को लेकर उनकी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल शीघ्र ही प्रमुख सचिव गृह से मिलकर इसमें शामिल किशोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा।
उधर, थानाध्यक्ष धानेपुर देवेंद्र पांडेय सोमवार को युवकों को हिरासत में लिए जाने की बात से पलट गये। उन्होंने बताया कि एसडीएम के आदेश पर टंकी पर लिखे नारों को साफ करा दिया गया था।