परसपुर (गोंडा)। शिक्षा क्षेत्र परसपुर के प्राथमिक विद्यालय अकोहरी प्रथम का कक्षा पांच का एक छात्र विद्यालय में बेहोश होकर गिर गया। जिससे विद्यालय में अफरा तफरी मच गई। तत्काल बच्चे के परिजन व विद्यालय के अध्यापक ने उसे सीएचसी परसपुर भर्ती कराया। जहां उसकी हालत सामान्य है।
प्राथमिक विद्यालय अकोहरी प्रथम की प्रधानाध्यापक संध्या सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह प्रार्थना के बाद सभी बच्चे अपने कक्षाओं में चले गए थे। क्लास में बच्चों का सुलेख कॉपी चेक किया जा रहा था। इतने में कक्षा पांच का छात्र अमित सिंह (12) बेहोश होकर गिर गया। जिसके मुंह पर पानी के छीटे डालकर बच्चे के पिता संदीप सिंह को तत्काल सूचना देकर बुलाया गया।
विद्यालय के सहायक अध्यापक संजय कुमार के साथ इलाज के लिये बच्चे को सीएचसी परसपुर भेजा गया। परसपुर सीएचसी के चिकित्सक डॉ. एमपी यादव ने बताया कि बच्चे को काफी कमजोरी थी। उसे ठंडक भी लग गयी थी। सीएचसी पर तत्काल उसका इलाज किया गया। अब उसकी हालत काफी स्थिर है।