विश्नोहरपुर। अयोध्या में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में नवाबगंज के तुलसीपुर माझा पूरे राम प्रसाद निवासी दसवीं के छात्र बृजेश यादव (20) की डीसीएम की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर भाग निकला।
तुलसीपुर माझा पूरे राम प्रसाद निवासी राम किशोर ने बताया कि उनका मंझला बेटा बृजेश यादव नवाबगंज के ज्ञान गायत्री इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र था। शुक्रवार रात वह अपने बड़े पिता के बेटे पप्पू के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गन्ना लादकर अयोध्या की मसौधा चीनी मिल जा रहा था। मुमताज नगर के पास पीछे से आ रही डीसीएम से ट्रॉली में टक्कर लग गई। इससे ट्रैक्टर की साइड सीट पर बैठा बृजेश सड़क पर गिर गया। पप्पू ने ट्रैक्टर रोका। वह नीचे उतर ही रहा था। तभी डीसीएम बृजेश को कुचलते हुए निकल गई। बृजेश को मरणासन्न हालत में जिला अस्पताल अयोध्या पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
राम किशोर के तीन बेटों में बड़ा मंगलेश व छोटा सुमित है। बृजेश मंझला था। दो बेटियां भी हैं, दोनों विवाहित हैं। राम किशोर चौखड़िया गांव स्थित प्लाईवुड फैक्टरी में मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते हैं। माली हालत ठीक न होने की वजह से बड़ा बेटा मंगलेश भी मजदूरी करके पिता की मदद करता है। अयोध्या में पोस्टमार्टम के बाद शनिवार देर शाम शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। पिता के साथ ही मां कौशलवती, बहनों व भाइयों को रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम गांव के समीप टेढ़ी नदी के तट पर बृजेश का अंतिम संस्कार कर दिया गया।