गोंडा। खुद को रॉ (रिसर्च एंड एनालिसिस विंग) का अधिकारी बताकर एक युवती से शादी करने और बाद में फर्जी दस्तावेजों के सहारे धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 20 वर्षीय युवती ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया कि वह नौकरी की तलाश में रोजगार मेले में गई थी। वहां एक युवक के संपर्क में आई थी। युवक ने खुद को रॉ का अधिकारी बताया और कहा कि वह उसके लिए सरकारी नौकरी की व्यवस्था करा सकता है। उसने यह भी दावा किया कि उसके परिवार के सदस्य उच्च प्रशासनिक पदों पर कार्यरत हैं।
पीड़िता के अनुसार युवक की बातों और व्यवहार से प्रभावित होकर उसके परिजनों ने उससे रिश्ता तय कर दिया। युवक ने अपने बारे में कई दस्तावेज और पहचान पत्र भी दिखाए। इसके बाद 25 अप्रैल 2025 को दोनों का विवाह तय हुआ और 14 मई 2025 को विवाह हो गया।
कुछ समय बाद युवती और उसके परिजनों को युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ। जब उसके बताए गए पद और पारिवारिक विवरण की जांच में पता चला कि वह न तो रॉ में अधिकारी है और न ही उसके परिजन उन पदों पर कार्यरत हैं, जिनका वह दावा करता था। आरोप है कि युवक ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर परिवार को भ्रमित कर विवाह किया।
पीड़िता का कहना है कि नौ फरवरी 2026 को जब उसके परिजनों ने युवक से उसके पद और दस्तावेजों के संबंध में सवाल किया तो वह नाराज हो गया। उसने कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि एसपी के आदेश पर आरोपी संदीप सिंह बग्गी, निवासी सिखड़ी औहारी, थाना बिरनौ, गाजीपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच कराई जा रही है।