खरगूपुर। वीरपुर झलहिया के माधव पुरवा निवासी किसान राम सुरेश पांडेय के बेटे डॉ. चितरंजन पांडेय का अमेरिका के प्रतिष्ठित नोट्रे डेम विश्वविद्यालय (इंडियाना) में शोध के लिए चयन हुआ है। उन्हें गणित विषय में एक वर्ष के लिए 63 लाख रुपये की फेलोशिप मिली है।
चितरंजन की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय गांधी आदर्श विद्यालय, हाईस्कूल व इंटर की पढ़ाई गोंडा से की। एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर से स्नातक और एनआईटी जमशेदपुर से गणित में स्नातकोत्तर किया। इसके बाद आईआईटी कानपुर से प्रोफेसर बीवी रतीश कुमार के मार्गदर्शन में पीएचडी की। उन्हें यूजीसी-सीएसआईआर जेआरएफ में 53वीं रैंक मिली थी।
उसने आईआईटी कानपुर द्वारा शैक्षणिक और अनुसंधान उत्कृष्टता के लिए फेलोशिप प्राप्त की। अब वह अमेरिका में पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप के तहत संख्यात्मक विश्लेषण, वैज्ञानिक कंप्यूटिंग और अवकल समीकरणों के विकास व विश्लेषण पर शोध करेंगे। उनकी उपलब्धि पर डॉ. रामनरेश पांडेय, पूर्व सीडीओ रामसूरत पांडेय, डॉ. ऋषिरंजन पांडेय, नायब तहसीलदार हर्षित पांडेय, डॉ. प्रभाकर पांडेय, दिवाकर पांडेय, डॉ. कुसुमाकर पांडेय व राजेश पांडेय ने बधाई दी है।