उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 2016 में इंटरमीडिएट व हाईस्कूल के टॉपर मेधावियों का सम्मान समारोह अमर उजाला की ओर से 14 जून को लखनऊ में आयोजित किया गया है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित इस सम्मान समारोह में प्रदेश भर के मेधावी प्रतिभाग कर रहे हैं, वहीं गोंडा के चार मेधावियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस सम्मान समारोह में प्रतिभाग करने के लिए सोमवार की सुबह डीआईओएस डॉ. वीरेंद्र कुमार दूबे के साथ चारों मेधावी बच्चे व उनके अभिभावक रवाना हो गए हैं। अमर उजाला की ओर से यह सम्मान प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रदान करेंगे।
सम्मान पाने के लिए सोमवार की सुबह रवाना हुए बच्चों के चेहरे पर खुशी झलक रही थी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर सुबह पांच बजे ही बच्चे व उनके अभिभावक पहुंच गए। सुबह छह बजे ये मेधावी रवाना हुए।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2016 में इंटर की छात्रा खुशबू मिश्रा ने 96.20 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज फतेहपुर बालपुर की इस छात्रा का सम्मान वर्ष 2014 में भी अमर उजाला द्वारा किया जा चुका है।
खुशबू मिश्रा हाईस्कूल की टॉपर रही हैं। इस वर्ष इंटर में केवल खुशबू मिश्रा तथा हाईस्कूल की टॉपर आकांक्षा वर्मा को भी इस बार अमर उजाला सम्मानित करेगा। गरीब घर की बेटी आकांक्षा बाबा पृथ्वीनाथ बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा है। उसे हाईस्कूल में 97 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त हुए हैं।
इसी विद्यालय की छात्रा निशा शुक्ला भी सम्मान पाने की दौड़ में शामिल की गई हैं। किसान इंटर कॉलेज कोटखास के छात्र धर्मेंद तिवारी को भी अमर उजाला की ओर से सम्मानित किया जाएगा।