सीएचसी हलधरमऊ के अंतर्गत आने वाले रेवारी गांव के मजरा त्रिलोचनपुरवा में शनिवार को एक बच्चे की तेज बुखार व खसरे से मौत हो गई, जबकि गांव के सात बच्चे खसरे के साथ ही तेज बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं।
वहीं, सीएचसी हलधरमऊ के अक्षीक्षक को न तो गांव में फैली बीमारी के बारे में कुछ पता है और न ही बीमार लोगों के बारे में। पूछने पर अधीक्षक ने यह जरूर बताया कि अगर कुछ ऐसा है तो उसे दिखवाया जाएगा।
विकासखंड हलधरमऊ के अंतर्गत आने वाले गांव रेवारी के मजरा त्रिलोचनपुरवा में बीते कई दिनों से तेज बुखार के साथ ही खसरे का प्रकोप है। गांव में इस बीमारी से जहां शनिवार को देवीशंकर के पुत्र अश्वनी (5) की मौत हो गई, तो वहीं प्रतीक (12), सुमित (7), सर्वेश (6), सुशीला (7), दिनेश (13), विनय (5) व अनोखे (9) बीमार हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में न तो स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई टीम उन्हें देखने आई है और न ही उन्हें बीमारी को लेकर कोई दवा ही बांटी गई है।जिससे बीमार लोगों के परिवारीजनों को न चाहते हुए इलाज के लिए झोलाछाप डॉक्टरों के पास जाना पड़ रहा है।
वहीं इस बाबत पूछे जाने पर सीएचसी हलधरमऊ के अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार ने बीमारी के साथ पीड़ितों की जानकारी से साफ इन्कार किया है। उनका कहना है कि उन्हें इसकी कोई शिकायत नहीं मिली है।
अगर गांव में ऐसा कुछ है तो इसे जरूर दिखवाया जाएगा। गांव में टीम भेजकर पीड़ितों को हरसंभव उपचार मुहैया कराया जाएगा।