गोंडा। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी न कर पाने वाले युवाओं के लिए प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की जा रही अभ्युदय योजना का औपचारिक शुभारंभ नगर के लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज में सोमवार 15 फरवरी को होगा। महाविद्यालय के अध्यक्ष डीएम मार्कण्डेय शाही ने रविवार को महाविद्यालय का निरीक्षण कर योजना के शुभारंभ को लेकर वहां पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
बताते चलें कि उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आईएएस, आईपीएस, पीसीएस, एनडीए, सीडीएस, नीट और जेईई जैसी प्रतियोगिताओं की परीक्षा की तैयारी करने के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आरंभ की गई है।
इस योजना के अंतर्गत ऐसे सभी छात्रों को निशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी जो इन परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन अपनी आर्थिक स्थिति के कारण नहीं कर पाते हैं। इस योजना के अंतर्गत मंडल स्तर पर छात्रों को सेलेबस एवं क्वेश्चन बैंक भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
इस योजना का शुभारम्भ सोमवार 15 फरवरी को प्रदेश मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से ऑन लाइन माध्यम से किया जाएगा। जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत छात्रों को ऑनलाइन स्टडी मटेरियल के साथ ऑफलाइन कक्षाएं भी प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाला जनपद का कोई भी छात्र-छात्रा एलबीएस पीजी कालेज में आकर तैयारी कर सकेगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं बच्चों को कोचिंग देंगे।
इसके साथ विषयवार योग्य अधिकारियों के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं को कोचिंग दिलाने के साथ ही उन्हें सफलता के मूल मंत्रों के बारे में जानकारियां दिलाएंगे जिससे वे सर्वोच्च सेवाओं की परीक्षाओं में कामयाबी हासिल कर सकें और जिले का नाम उच्च पटलों पर रोशन कर सकें।