गोंडा। विद्युत कार्यों में लापरवाही पर देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने नवाबगंज और मनकापुर खंड के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। समीक्षा बैठक में कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सात दिन के भीतर सभी लंबित कार्य पूरे करने का अल्टीमेटम दिया।
कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्य अभियंता ने कारोबार प्लान 2025-26 के तहत स्वीकृत नए उपकेंद्रों और लाइनों के निर्माण में देरी पर असंतोष जताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रोटेक्शन और क्षमता वृद्धि से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए उन्होंने ट्रांसफॉर्मर के क्षतिग्रस्त होने की दर कम करने पर जोर देते हुए लोड बैलेंसिंग और अर्थिंग सुधार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। बैठक में अधीक्षण अभियंता गोंडा, अधिशासी अभियंता मनकापुर व नवाबगंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।