गोंडा। घरेलू गैस सिलिंडरों की लगातार बनी किल्लत के बीच अब पांच किलो के छोटू सिलिंडर के वितरण ने परेशान लोगों को राहत प्रदान की है। जिले की अधिकांश गैस एजेंसियों से इन छोटे सिलिंडरों की आपूर्ति शुरू होने से विद्यार्थियों, स्ट्रीट वेंडरों और बाहरी जिलों से आने वाले प्रवासी लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। कोई भी व्यक्ति आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र दिखा कर गैस एजेंसी से तत्काल पांच किलो का सिलिंडर ले सकता है।
छोटे सिलिंडर का कनेक्शन लेने के लिए 1623 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि रिफिल के लिए 643 रुपये खर्च करने होंगे। वहीं दूसरी तरफ घरेलू गैस सिलिंडरों की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को शहर से लेकर गांव तक गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गैस एजेंसियों को होम डिलीवरी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी उपभोक्ता को समय पर सिलिंडर की डिलीवरी नहीं मिल रही है, तो वह कंट्रोल रूम के नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकता है।