हनुमानगढ़ी मंदिर में सजाई गई बजरंगबली की प्रतिमा व बटौरा बाबा मंदिर में प्रसार चढ़ाते श्रद्धालु
बालपुर/गोंडा। ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगलवार को जिलेभर में श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही हनुमान जी के मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। शहर से लेकर गांव तक जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया।
मालवीयनगर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में भोर से ही पूजा-अर्चना शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने लड्डू का प्रसाद चढ़ाकर भगवान की आराधना की और हनुमान चालीसा का पाठ किया। मंदिरों में दिनभर दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा। गुरुनानक चौराहा, अंबेडकर चौराहा, मालवीयनगर, पोर्टरगंज सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भंडारे का आयोजन कर पूड़ी-सब्जी, छोला-चावल, शरबत और बिस्किट का वितरण किया।
बाबा बटौरा धाम में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने हवन-पूजन, परिक्रमा कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। परिसर में कई जगह भंडारे आयोजित हुए, जहां भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के पुजारी मोहित महाराज ने बताया कि मंगलवार के दिन सुंदरकांड का पाठ करने से बल, बुद्धि और विद्या की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि लगातार पांच मंगलवार तक पूजा-अर्चना करने से विघ्न-बाधाएं दूर होती हैं। इस दौरान खुशीराम दुबे, स्वामीनाथ महाराज, राम कैलाश दुबे, राहुल पंडित, अमर नाथ ओझा, हरेंद्र सिंह, लल्लू तिवारी, सरपंच शुक्ल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
हनुमानगढ़ी मंदिर में सजाई गई बजरंगबली की प्रतिमा व बटौरा बाबा मंदिर में प्रसार चढ़ाते श्रद्धालु