ऑफर के नाम पर आए दिन हो रही ठगी से भी लोग सबक नहीं ले रहे हैं। नगर में 55 प्रतिशत डिस्काउंट के नाम पर सामान की बुकिंग कर लाखों रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। सामान की बुकिंग करने वाले तीन लोगों में से दो गायब हो गए हैं। फर्म संचालक को पकड़कर पुलिस पूछताछ के लिए नगर कोतवाली ले आई है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी ने भी कोई तहरीर नहीं दी थी।
बताया जाता है कि 15 दिन पूर्व नगर पालिका रोड पर मेसर्स एसआरएम ट्रेडर्स के नाम पर शोरूम खोला गया। शोरूम खोलने वालों ने 40 से 55 प्रतिशत डिस्काउंट के नाम पर एडवांस जमा कराकर होम एप्लायंसेज की बुकिंग करनी शुरू कर दी। सामान बुक कराने वालों को सामान की डिलीवरी देने के लिए एक तिथि निर्धारित कर रसीद दी जा रही थी।
इसमें स्टील के बर्तन, प्लास्टिक सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, मोबाइल, कंप्यूटर व लैपटॉप आदि की बुकिंग की जा रही थी। एक अनुमान के मुताबिक 15 दिनों में करीब 10 लाख रुपये की बुकिंग की गई थी। सोमवार रात क्राइम ब्रांच की टीम ने शोरूम पर छापा मारा और संचालकों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई तथा देर रात उन्हें छोड़ दिया।
लोगों का कहना है कि मंगलवार सुबह शोरूम खुला। शोरूम खुलते ही एसआई एके त्रिगुनायत तथा एमएन उपाध्याय मौके पर पहुंचे और शोरूम बंद कर संचालकों को ग्राहकों का पैसा वापस करने का फरमान जारी कर दिया। इसी बीच मौके पर सामान बुक कराने वाले ग्राहकों की भीड़ भी जुटने लगी।
मामला बिगड़ता देख शोरूम में मौजूद तीन लोगों में से दो चुपके से गायब हो गए। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शोरूम में ताला बंद कर दिया तथा संचालक को पूछताछ के लिए नगर कोतवाली ले आई है। समाचार लिखे जाने तक किसी ने भी कोतवाली में तहरीर नहीं दी थी।
भारी डिस्काउंट पर घरेलू सामान की बुकिंग कर लोगों से वसूली करने का मामला संज्ञान में आया है। फर्म के मालिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पीड़ितों से तहरीर मांगी गई है। तहरीर मिलने तथा जांच के आधार पर मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - -श्रीशचंद, सीओ सिटी व प्रभारी क्राइम ब्रांच बलरामपुर