विभागीय अफसरों से निर्माण पूरा होने का समय भी निर्धारित करने को कहा गया है। प्रदेश की सपा सरकार की मंशा लोगों को सड़क, बिजली व पानी जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की है।
ये बातें जंतु उद्यान राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव ने सोमवार को हरैया बाजार में सीएचसी का शिलान्यास करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को मायूूस नहीं होने दिया जाएगा। सभी किसानों को पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा प्रदेश सरकार ने दिया है। प्रदेश सरकार ने सिंचाई व लगान मुफ्त कर दिया है।
जिले में सात विद्युत स्टेशन बनवाकर बदहाल विद्युत व्यवस्था सुधारने का काम किया गया है। हरैया सतघरवा ब्लॉक के पूर्व प्रमुख विजय कुमार यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण होने से क्षेत्र की करीब एक लाख आबादी को बेहतर इलाज कराने का अवसर मिलेगा।
तुलसीपुर क्षेत्र के विधायक मसहूद खां, सदर विधायक जगराम पासवान, जिलाध्यक्ष सपा ओंकार नाथ पटेल आदि ने भी संबोधित किया। सीएमओ डॉ. जयंत कुमार व उप सीएमओ डॉ. एके सिंहल ने क्षेत्रवासियों को शीघ्र अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा कराने का भरोसा दिलाया।